विश्व पर्यावरण दिवस पर एमपीसीडीएफ और सभी दुग्ध संघों में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

भोपाल, 5 जून । विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य सहकारी डेयरी फेडरेशन (एमपीसीडीएफ) तथा प्रदेश के सभी सहकारी दुग्ध संघों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और हरित एवं स्वच्छ भविष्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।
एमपीसीडीएफ मुख्यालय भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में इंडियन डेयरी एसोसिएशन के चेयरमेन श्री सुधीर कुमार सिंह, एमपीसीडीएफ के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवानी तथा महाप्रबंधक श्री जयदेव विश्वास सहित अनेक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के सुरक्षित जीवन से जुड़ी सतत जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग से ही संतुलित एवं स्वस्थ पर्यावरण का निर्माण संभव है।
एमपीसीडीएफ के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवानी ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ मानव जीवन, कृषि और पशुधन के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर तथा बुंदेलखंड (सागर) सहकारी दुग्ध संघों में भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया गया। यह पहल सतत विकास, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और हरित मध्यप्रदेश के निर्माण के प्रति एमपीसीडीएफ की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।




