कोर्ट के आदेश पर फिजा कॉलोनी में चला बुलडोजर, 17 मकान जमींदोज

भोपाल। निशातपुरा थाना क्षेत्र के नालियलखेड़ा स्थित फिजा कॉलोनी में जिला प्रशासन ने मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर बड़ी बुलडोजर कार्रवाई की। प्रशासन ने सोमवार रात गोपनीय तरीके से मौके पर बैरिकेडिंग कर दी थी। मंगलवार सुबह 6 बजे करीब 100 पुलिस जवानों को तैनात किया गया। इसके बाद सुबह 8 बजे से चार बुलडोजरों से मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू हुई।
कार्रवाई का कुछ रहवासियों ने विरोध किया। पुरुष और महिलाएं मौके पर पहुंचे, लेकिन बैरागढ़ एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव और तहसीलदार हर्ष विक्रम सिंह ने उन्हें कोर्ट के आदेश की जानकारी दी। पुलिस ने एनाउंसमेंट कर लोगों से विरोध नहीं करने की अपील की। पुलिस की मौजूदगी में एक-एक कर मकानों को तोड़ा गया। देर रात तक 23 में से 17 मकान जमींदोज किए जा चुके थे।
15 हजार वर्गफीट निजी जमीन पर था कब्जा
प्रशासन के अनुसार फिजा कॉलोनी में अविनाश जौहरी की करीब 15 हजार वर्गफीट निजी जमीन है। इस जमीन पर लोगों ने कब्जा कर मकान बना लिए थे। बताया गया कि कुछ मकानों की रजिस्ट्रियां भी हो चुकी थीं और कई मकान तीन मंजिल तक बनाए गए थे।
जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए जौहरी ने कई स्तरों पर शिकायतें कीं। मामला वर्ष 2005 से न्यायालय में लंबित था। हाईकोर्ट ने करीब तीन साल पहले मकानों को हटाने का आदेश दिया था, लेकिन अलग-अलग रहवासियों द्वारा स्टे लेने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। इस बार स्टे नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने कोर्ट के आदेश का पालन कराया।
100 अधिकारी-कर्मचारी और 100 पुलिस जवान तैनात
कार्रवाई के दौरान जिला प्रशासन के करीब 50 और नगर निगम के 50 अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 100 पुलिस जवान तैनात किए गए थे।
वहीं, जमीन से लगी करीब 0.3 एकड़ शासकीय भूमि पर भी अतिक्रमण बताया गया है। प्रशासन ने फिलहाल वहां कार्रवाई नहीं की। अधिकारियों के अनुसार कुछ लोगों को इस मामले में न्यायालय से स्टे मिला हुआ है।
बैरागढ़ तहसीलदार हर्ष विक्रम सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की गई है। रहवासियों को मकानों से अपना सामान निकालने के लिए समय दिया गया था। निजी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई की गई है।





