भोपाल में 5 जून को जनजातीय कार्य विभाग के दैनिक वेतन भोगी व अंशकालीन कर्मचारी करेंगे काम बंद हड़ताल

प्रमुख पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में धरना, आयुक्त को सौंपा जाएगा ज्ञापन
भोपाल, । मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी और अंशकालीन कर्मचारी 5 जून 2025 को काम बंद हड़ताल करेंगे। इस दिन राजधानी भोपाल में विभाग के मुख्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा और विभागीय आयुक्त को पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
यह निर्णय मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच – दैनिक वेतन भोगी एवं अंशकालीन कर्मचारी समिति की एक बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक को मंच के प्रांताध्यक्ष अशोक पांडे, प्रमोद बर्डे और महेंद्र सारस ने संबोधित किया।
क्या हैं कर्मचारियों की प्रमुख पांच मांगे?
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कर्मचारी जिन पांच प्रमुख मांगों को लेकर हड़ताल पर जा रहे हैं, वे निम्नानुसार हैं:
1. दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण।
2. अंशकालीन कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर वेतन।
3. सेवानिवृत्ति पर ₹10 लाख की ग्रेच्युटी का भुगतान।
4. दैनिक वेतन भोगी व अंशकालीन कर्मचारियों को अनुकंपा नियुक्ति का लाभ।
5. 10 वर्षों की सेवा पूर्ण कर चुके अंशकालीन कर्मचारियों को दैनिक वेतन भोगी का दर्जा।
आंदोलन रहेगा अनिश्चितकालीन
प्रांताध्यक्ष अशोक पांडे ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन अनिश्चितकालीन रहेगा और तब तक जारी रहेगा जब तक जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख द्वारा इन मांगों को औपचारिक रूप से स्वीकार नहीं कर लिया जाता। संगठन ने राज्य सरकार से अपील की है कि कर्मचारियों की इन जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर समस्याओं का समाधान किया जाए।