आपातकाल दिवस पर भोपाल में लोकतंत्र सेनानियों और मीसाबंदियों का सम्मान, भाजपा ने घर पहुंचकर किया अभिनंदन
मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधियों ने लोकतंत्र रक्षा के संघर्ष को किया नमन
भोपाल। आपातकाल दिवस की 51वीं वर्षगांठ पर भारतीय जनता पार्टी भोपाल जिला की ओर से जिले के सभी मंडलों में लोकतंत्र सेनानियों और मीसाबंदियों का सम्मान किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों के निवास पर पहुंचे और उन्हें शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रमों के दौरान लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष, त्याग और योगदान को याद किया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि आपातकाल के दौर में लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोगों का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने किया कामेश्वर सिंह का सम्मान
भाजपा भोपाल जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने मध्य विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-50 स्थित लोकतंत्र सेनानी कामेश्वर सिंह के निवास पहुंचकर उनका सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने आपातकाल के समय लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष से जुड़े संस्मरण भी सुने।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष पियूष सिसोदिया, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार विश्वकर्मा, महापौर परिषद सदस्य एवं पार्षद सुषमा बाविशा, मंडल महामंत्री राहुल यति, सुरेश कोरी, गौरव सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंत्री विश्वास सारंग ने किया रामकुमार पटेल का सम्मान
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बिजली नगर पहुंचकर मीसाबंदी रामकुमार पटेल का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि आपातकाल लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों पर गंभीर प्रहार था।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सभी लोकतंत्र सेनानी देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
सांसद आलोक शर्मा ने मीसाबंदियों के परिजनों का किया सम्मान
भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने मीसाबंदी रामजीवन दुबे, बिहारीलाल लोकवानी और स्वर्गीय मीसाबंदी विद्या इसरानी के परिजनों के निवास पहुंचकर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर जिला मंत्री राकेश कुकरेजा, मंडल अध्यक्ष यतेन मकवाना, मंडल महामंत्री संदीप कल्याणे और अनिल थारवानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
विधानसभा क्षेत्रों में भी हुए सम्मान कार्यक्रम
मध्यप्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया। वहीं दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विधायक भगवानदास सबनानी और हुजूर विधानसभा क्षेत्र में विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने-अपने क्षेत्रों में लोकतंत्र सेनानियों एवं मीसाबंदियों के घर पहुंचकर उनका अभिनंदन किया।
लोकतंत्र मूल्यों की रक्षा करने वालों को नमन: रविंद्र यति
भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक महत्वपूर्ण और कठिन दौर था। उस समय लोकतंत्र सेनानियों ने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
उन्होंने बताया कि भाजपा भोपाल जिले के सभी मंडलों में लोकतंत्र सेनानियों और मीसाबंदियों के घर पहुंचकर सम्मान अभियान चला रही है, ताकि उनके योगदान को समाज के सामने रखा जा सके।
पूरे जिले में आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।