State

एम्स भोपाल में कार्बाइड गन से घायल बच्चों का हाल जानने पहुँचे अधिकारी, सभी का नि:शुल्क इलाज जारी


8 बच्चे कार्बाइड गन से घायल, 5 की आंखों की सर्जरी सफल, 3 का आज होना प्रस्तावित

भोपाल। दीपावली पर्व के दौरान प्रतिबंधित पटाखों और कार्बाइड गन के उपयोग से घायल हुए बच्चों का हाल जानने आज सुबह प्रशासनिक अधिकारी एम्स भोपाल पहुँचे। मध्यप्रदेश शासन और जिला प्रशासन के निर्देश पर पहुंचे अधिकारियों में एसडीएम (एमपी नगर), तहसीलदार, नायब तहसीलदार (एमपी नगर) और सीएसपी श्री कश्यप शामिल रहे। अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती सभी बच्चों की स्थिति का जायजा लिया और परिजनों से बातचीत कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

डॉ. विवेक और उनकी टीम ने जानकारी दी कि वर्तमान में एम्स में कुल 10 बच्चे उपचाररत हैं। इनमें से 8 बच्चे कार्बाइड गन से और 2 बच्चे सुतली बम से घायल हुए हैं। अब तक 5 बच्चों की आंखों की सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है, जबकि 3 बच्चों का ऑपरेशन आज होना प्रस्तावित है। डॉक्टर ने बताया कि सभी बच्चों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा दी जा रही है और उन्हें सर्वोत्तम उपचार प्रदान किया जा रहा है।

घायल बच्चों में कार्तिक (सोहागपुर, नर्मदापुरम), आशीष मालवीय (मिसरोद, भोपाल), युवराज पाल (बुधनी, सीहोर), सत्येंद्र गुर्जर (ग्वालियर), दीपेश मालवीय (बैरसिया, भोपाल), राहुल अहिरवार (कोकता बायपास, भोपाल), सार्थक गौर (ओबैदुल्लागंज, रायसेन) और ऋतिक अहिरवार (विदिशा) शामिल हैं। वहीं सुतली बम से घायल अन्नू मालवीय और शुभ मित्तल का भी उपचार जारी है।

जिला प्रशासन ने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान कार्बाइड गन और प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री व उपयोग पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाएँ और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें।

Related Articles