भोपाल में 60 हजार संपत्तियों को अधिभोग उल्लंघन का नोटिस, रोजाना जारी होंगे 3 हजार नोटिस

भोपाल, 12 अगस्त। आवासीय मकानों में व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ भोपाल नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम ने शहर में करीब 62,500 व्यावसायिक संपत्तियों का चिन्हांकन किया है। इनमें से करीब 60 हजार संपत्तियों को अधिभोग उल्लंघन के मामले में नोटिस जारी किए जाने हैं।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत समय-सीमा में नोटिस की कार्रवाई पूरी करने के लिए अब निगम ने हर विधानसभा क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम 500 नोटिस जारी करने का लक्ष्य तय किया है। भोपाल नगर निगम सीमा में छह विधानसभा क्षेत्र हैं। इस हिसाब से प्रतिदिन करीब 3,000 नोटिस जारी किए जाएंगे। निगम को उम्मीद है कि करीब 20 दिन में नोटिस जारी करने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

बुधवार को 557 नोटिस जारी

निगम की नई व्यवस्था के तहत बुधवार को कुल 557 नोटिस जारी किए गए। इनमें नरेला विधानसभा क्षेत्र में 264, हुजूर में 125, गोविंदपुरा में 76, मध्य में 50, उत्तर में 30 और दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 12 नोटिस शामिल हैं।

अब तक 2,181 नोटिस जारी

निगम के आंकड़ों के अनुसार 17 जून से 12 अगस्त तक कुल 2,181 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें हुजूर विधानसभा में 592, नरेला में 504, गोविंदपुरा में 504, मध्य में 295, उत्तर में 181 और दक्षिण विधानसभा में 137 नोटिस शामिल हैं।

8 अगस्त तक 1,018 नोटिस जारी किए गए थे, जबकि 9 अगस्त के बाद यह संख्या बढ़कर 1,163 हो गई।

सड़क की चौड़ाई के आधार पर चिन्हांकन

नगर निगम ने व्यावसायिक गतिविधियों वाली संपत्तियों का चिन्हांकन सड़क की चौड़ाई के आधार पर किया है।

– 7.5 मीटर तक की एकल सड़क: 24,000 संपत्तियां
– 15 मीटर तक की डबल सड़क: 21,000
– 15 मीटर से अधिक चौड़ी फोरलेन सड़क: 12,500
– सड़क की चौड़ाई उपलब्ध नहीं: 5,000
– कुल चिन्हांकित संपत्तियां: 62,500

मैरिज गार्डन भी कार्रवाई के दायरे में

नगर निगम की कार्रवाई में मैरिज गार्डन को भी शामिल किया गया है। निगम को पूर्व में ऐसे मैरिज गार्डनों के संबंध में शिकायतें मिलती रही हैं, जो कैचमेंट क्षेत्र, आवासीय कॉलोनियों में या बिना अनुमति संचालित होने की शिकायतों से जुड़े हैं।

निगम अधिकारियों के मुताबिक नोटिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाली संपत्तियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version