भोपाल। मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित NEET UG 2025 परीक्षा 4 मई को राजधानी भोपाल के 35 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा में 14 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर चिकित्सा आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है।
भोपाल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. प्रभाकर तिवारी ने जानकारी दी कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 50 मेडिकल टीमों को नियुक्त किया गया है, जो परीक्षा के दौरान जरूरतमंद अभ्यर्थियों को त्वरित प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराएंगी।
इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा को भी सभी केंद्रों पर अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में क्विक रिस्पॉन्स किया जा सके। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर समन्वय हेतु जोनल मेडिकल टीमों को भी सक्रिय रखा गया है, जो सभी केंद्रों से लगातार संपर्क में रहेंगी और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में त्वरित निर्णय ले सकेंगी।
नीट यूजी 2025: भोपाल के 35 परीक्षा केंद्रों पर रहेगी मेडिकल टीम, हर केंद्र पर तैनात रहेंगे डॉक्टर व एम्बुलेंस
