नीरी टीम ने भोपाल में क्लीन एयर प्रोग्राम और कचरा प्रबंधन कार्यों का लिया जायजा

भोपाल, 19 अगस्त 2026। राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (नीरी) के सदस्यों ने बुधवार को भोपाल में नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (NCAP), सस्टेनेबल वेस्ट मैनेजमेंट और केंद्रीकृत-विकेंद्रीकृत कचरा प्रबंधन के तहत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। टीम ने नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन से भी सौजन्य भेंट की।
नीरी के सदस्यों को नगर निगम मुख्यालय ‘अटल भवन’ में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से शहर की वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे कार्यों और विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही निगम के सस्टेनेबल वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल और विकेंद्रीकृत कचरा प्रबंधन की कार्यप्रणाली भी बताई गई।
गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का किया निरीक्षण
नीरी की टीम ने अन्ना नगर गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन पहुंचकर कचरा पृथक्कीकरण की प्रक्रिया देखी। टीम ने कचरा प्रबंधन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
इसके अलावा सदस्यों ने सड़कों की सफाई में इस्तेमाल किए जा रहे मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग ईवी वाहन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वाहन की कार्यप्रणाली और सड़क सफाई में इसके उपयोग के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान नीरी सदस्यों ने नगर निगम द्वारा एनसीएपी के तहत किए जा रहे कार्यों पर संतोष जताया। साथ ही सस्टेनेबल वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल की भी सराहना की।
निरीक्षण दल में नीरी के वरिष्ठ वैज्ञानिक नितिन गोयल, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण मंडल की रानू चौकसे, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नितीश चौरसिया और जेनेन्द्र चंदेल शामिल रहे।





