उच्च रक्तचाप के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान पर एम्स भोपाल के डॉ. अभिषेक सिंघई को राष्ट्रीय सम्मान

भोपाल। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल के मेडिसिन विभाग के अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. अभिषेक सिंघई को उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित एफ.आई.एस.एच. (फेलोशिप ऑफ इंडियन सोसायटी ऑफ हाइपरटेंशन) से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान उन्हें 31 जुलाई को चेन्नई में आयोजित इंडियन सोसायटी ऑफ हाइपरटेंशन के 36वें वार्षिक सम्मेलन में प्रदान किया गया। यह फेलोशिप उच्च रक्तचाप के उपचार, शोध और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता है।
एम्स भोपाल ने बताया कि डॉ. सिंघई को यह सम्मान उच्च रक्तचाप के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट नैदानिक कार्य, अनुसंधान और शैक्षणिक योगदान के लिए दिया गया है।
इस अवसर पर डॉ. अभिषेक सिंघई ने इस उपलब्धि का श्रेय एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान में शोध और शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने वाला वातावरण इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण रहा है।
एम्स भोपाल ने कहा कि संस्थान चिकित्सा, शोध और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान लगातार मजबूत कर रहा है।





