भोपाल में नाबालिग की हत्या का खुलासा, 2 युवक और 3 विधि-विरुद्ध बालक हिरासत में

भोपाल। भोपाल पुलिस ने छोटे तालाब के धोबीघाट के पास मिले अज्ञात शव के मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों और तीन विधि-विरुद्ध बालकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे मृतक के शरीर के अंग निकालकर बेचने की कथित साजिश सामने आई है।
10 अगस्त को मिला था शव
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त 2026 को छोटे तालाब के धोबीघाट के पास एक अज्ञात शव मिला था। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में पेट और पैर में वार से मौत होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद थाना तलैया में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
हाथ पर बने टैटू से हुई मृतक की पहचान
मृतक की पहचान पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। पुलिस ने सोशल मीडिया और घर-घर जाकर फोटो दिखाकर पहचान कराने का प्रयास किया। 15 अगस्त को रानी शाह नाम की महिला गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंची। उसने शव के बाएं हाथ पर बने टैटू, जिसमें ‘एस’ के नीचे ‘शंकर’ लिखा था, के आधार पर मृतक की पहचान अपने बेटे रेहान के रूप में की।
पुलिस के अनुसार, रेहान इकबाल मैदान, रेतघाट, बस स्टैंड और रॉयल मार्केट क्षेत्र में पेन और चाबी के छल्ले बेचता था।
100 रुपये देने का झांसा देकर ले गए
पुलिस जांच के अनुसार, 6 अगस्त को दो विधि-विरुद्ध बालक रेहान को यह कहकर अपने साथ ले गए कि खटलापुरा के पास कुछ लड़कों से विवाद हुआ है और वहां लड़ाई करने जाना है। इसके बदले उसे 100 रुपये देने की बात कही गई। रास्ते में आमिर और अन्य विधि-विरुद्ध बालक भी उनके साथ हो गए।
पुलिस के मुताबिक, सभी रेहान को गिन्नौरी और किलोल पार्क होते हुए छोटे तालाब के धोबीघाट की ओर ले गए।
वीडियो दिखाकर हत्या की कथित साजिश
पुलिस का दावा है कि करीब एक महीने पहले जोहेब की एक विधि-विरुद्ध बालक से पहचान हुई थी। जोहेब ने कथित तौर पर खुद को मेडिकल की पढ़ाई करने वाला बताया और एप्रन तथा स्टेथोस्कोप के साथ उससे मिलता था।
पुलिस के अनुसार, जोहेब ने एक वीडियो दिखाया, जिसमें किसी व्यक्ति को बेहोश कर उसके शरीर के अंग निकालने का तरीका बताया जा रहा था। इसके बाद कथित तौर पर अंग बेचकर 1.20 करोड़ रुपये कमाने का लालच दिया गया और करीब 15-16 साल के लड़के की जरूरत बताई गई।
इसके बाद योजना में अन्य लोगों को शामिल किया गया।
हत्या के बाद अंग निकालने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, रेहान की हत्या के बाद एक विधि-विरुद्ध बालक ने ब्लेड और मास्क निकाला। आमिर ने जोहेब को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, जोहेब ने मौके पर आने में असमर्थता जताते हुए पहले दिखाए गए वीडियो के अनुसार कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस का दावा है कि इसके बाद मृतक के शरीर से अंग निकालकर प्लास्टिक की थैली में रखे गए। हालांकि, जोहेब कथित तौर पर इन्हें बेच नहीं पाया। बाद में इन्हें वापस आमिर और विधि-विरुद्ध बालकों को दिया गया और कुछ दिन बाद आरोपियों ने इन्हें तालाब में फेंक दिया।
पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए आरोपियों में:
1. आमिर कुरैशी, उम्र 18 वर्ष
2. जोहेब खान, उम्र 20 वर्ष
3. तीन विधि-विरुद्ध बालक
शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना तलैया और थाना श्यामला हिल्स की टीम ने मामले की जांच की। पुलिस का कहना है कि जन संवाद और मुखबिर तंत्र के जरिए मिली सूचनाओं ने अंधे हत्याकांड के खुलासे में मदद की।





