State

भोपाल में नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी, शहर के कई इलाकों से हटाए अवैध कब्जे

दीवार, चबूतरे और नाली पर रखी फर्शियां हटाईं, ठेले, पान पार्लर, काउंटर सहित अन्य सामान जब्त

भोपाल, 8 जुलाई। नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्तों ने सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाए तथा कई सामान जब्त किए।

निगमायुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर कार्रवाई के दौरान कोलार, दानापानी, एमपी नगर, जहांगीराबाद, हमीदिया रोड, करोंद, भारत टॉकीज, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म क्रमांक-6, रविशंकर मार्केट, लिंक रोड, रेतघाट, कलेक्टर कार्यालय सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान दानापानी क्षेत्र में अवैध रूप से निर्मित एक दीवार, कोलार के आलोकधाम फाइन एवेन्यू फेस-3 और करोंद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बने अवैध चबूतरे हटाए गए। इसके अलावा ईश्वर नगर और कान्हा टॉवर क्षेत्र में नालियों पर रखी अवैध फर्शियां भी हटाई गईं।

करोंद कनक गार्डन सर्विस रोड से आवागमन में बाधा बन रहे 15 दोपहिया और 3 चारपहिया वाहन हटवाए गए। वहीं फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे ठेले, सब्जी दुकानें, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, स्टूल, टेबल और कुर्सियां हटाकर अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने 2 ठेले, 2 पान पार्लर, 1 काउंटर, 2 लोहे के स्टैंड, 6 स्टूल और 3 लोहे के छोटे-बड़े स्टूल जब्त किए।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर अतिक्रमण न करें तथा शहर को व्यवस्थित और सुगम बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

भोपाल नगर निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर अवैध दीवार, चबूतरे और नाली पर रखी फर्शियां हटाईं। ठेले, पान पार्लर, काउंटर और अन्य सामान भी जब्त किए गए।

Related Articles