भोपाल में अतिक्रमण पर नगर निगम की कार्रवाई, कई इलाकों से ठेले-गुमठी और वाहन हटाए

भोपाल, 17 अगस्त 2026। नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के आधार पर कई इलाकों में कार्रवाई की। इस दौरान एक अवैध निर्माण कार्य रुकवाया गया और सड़कों व नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर टीमों ने होशंगाबाद रोड, श्रीराम कॉलोनी, कोलार रोड, बिट्टन मार्केट, 1100 क्वार्टर, नेहरू नगर, भदभदा चौराहा, भारत माता चौराहा, जवाहर चौक, न्यू मार्केट, रंगमहल, रेतघाट, चौक बाजार, बुधवारा, अशोका गार्डन, गोविंदपुरा, रायसेन रोड, अवधपुरी, भानपुर, करोंद, लालघाटी, बैरागढ़ सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की।
अशोका गार्डन में नाली के ऊपर बने दो अवैध चबूतरे तोड़े गए। इमामबाड़ा क्षेत्र में नाली के ऊपर बनी कबाड़े की दुकान हटाई गई। लालघाटी-सिंगारचौली रोड से सड़क पर रखी भवन निर्माण सामग्री हटाई गई।
इसके अलावा बैरागढ़ से एक चार पहिया वाहन, बुधवारा मछली बाजार से चार, अवधपुरी से दो और कैंची छोला क्षेत्र से आठ दोपहिया एवं चार पहिया वाहन हटाए गए।
निगम की टीम ने फुटपाथ और सड़क किनारे से सब्जी-फल व कपड़ों की दुकानें, ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, स्टूल, कुर्सियां और टेबल समेत अन्य अतिक्रमण भी हटाए। निगम ने कहा है कि शहर में आवागमन बाधित करने वाले और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





