State

भोपाल में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई, 11 ठेले समेत टेबल-काउंटर जब्त

भोपाल नगर निगम ने कई इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 ठेले, 8 टेबल, स्टूल और बड़ा काउंटर जब्त किया। नालियों और फुटपाथ से भी अतिक्रमण हटाया गया।

Bhopal News: भोपाल नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्तों ने कई इलाकों में कार्रवाई करते हुए सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। इस दौरान 11 ठेले, 8 टेबल, 1 स्टूल और 1 बड़ा काउंटर सहित अन्य सामान जब्त किया गया।

नाली पर बना अवैध चबूतरा तोड़ा

नगर निगम को सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से अतिक्रमण से संबंधित शिकायतें मिली थीं। इनके निराकरण के साथ निगम की नियमित कार्रवाई के तहत शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।

काजी कैंप में नाली के ऊपर बनाए गए एक अवैध चबूतरे को तोड़ा गया। वहीं सुभाष नगर में नाली के ऊपर अवैध रूप से रखी गई फर्शियां हटाई गईं।

प्रभात चौराहे से मंडी चौराहे के बीच आवागमन में बाधा बन रहे दो लोडिंग ऑटो भी हटवाए गए।

दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया

निगम के अमले ने फुटपाथ और सड़क किनारे लगने वाली सब्जी, फल और कपड़ों की दुकानों के साथ ठेले, गुमठी, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, स्टूल, कुर्सी और टेबल सहित अन्य अतिक्रमण हटाए।

कार्रवाई के दौरान दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर रखा सामान हटाकर निगम ने मौके से कई सामग्री जब्त की।

इन क्षेत्रों में चला अभियान

निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्तों ने बैरागढ़, चिरायु अस्पताल-भैंसाखेड़ी, बैरागढ़ मेन रोड, एयरपोर्ट रोड, दाता कॉलोनी, गांधी नगर बस स्टैंड, भोपाल टॉकीज, काजी कैंप, डीआईजी बंगला, सिंधी कॉलोनी-कबाड़खाना, भारत टॉकीज, पटवा मार्केट, बरखेड़ी, बुधवारा, रेतघाट, रविंद्र भवन, पॉलीटेक्निक चौराहा, श्यामला हिल्स, भारत माता चौराहा और भदभदा रोड सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की।

इसके अलावा पीएनटी चौराहा, नेहरू नगर चौराहा, न्यू मार्केट नो-व्हीकल जोन, 11 नंबर स्टॉप, बिट्टन मार्केट, अरेरा कॉलोनी, एमपी नगर जोन-2, आईएसबीटी, सुभाष नगर, प्रभात चौराहा, मंडी चौराहा, अशोका गार्डन, पुष्पा नगर, सोनागिरी चौराहा, रायसेन रोड, बिजली कॉलोनी, पिपलानी पेट्रोल पंप, पटेल नगर, ओरिएंटल कॉलेज और कोकता क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाए गए।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में निगम ने सार्वजनिक रास्तों और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने की बात कही है। निगम का कहना है कि शिकायत मिलने और नियमित निरीक्षण के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles