सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार सामग्री लगाने वालों पर नगर निगम की कार्रवाई, 46 हजार 700 रुपए का जुर्माना वसूला
भोपाल। शहर में सार्वजनिक स्थलों, दीवारों, बिजली के खंभों और अन्य स्थानों पर अवैध रूप से प्रचार सामग्री लगाने तथा गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम अमले ने गुरुवार को संपत्ति विरूपण और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 78 प्रकरणों में 46 हजार 700 रुपए का जुर्माना वसूल किया।
नगर निगम के अनुसार, जोन क्रमांक-10 के वार्ड-45 में सार्वजनिक संपत्तियों पर प्रचार सामग्री लगाकर संपत्ति विरूपण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 3 प्रकरणों में 30 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
इसी तरह जोन क्रमांक-14 के अंतर्गत संपत्ति विरूपण के 2 मामलों में 2 हजार रुपए तथा जोन क्रमांक-15 के अंतर्गत 5 प्रकरणों में 4 हजार रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गई।
इसके अलावा निगम के स्वच्छता अमले ने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की। इस अभियान के तहत 40 प्रकरण दर्ज कर 4 हजार 700 रुपए का अर्थदंड लगाया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अवैध पोस्टर, बैनर, विज्ञापन सामग्री लगाने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।