विदिशा रोड पर आवागमन में बाधा बनने वालों के खिलाफ चला अभियान, निर्माण सामग्री भी हटवाई गई
भोपाल। राजधानी भोपाल में सड़क पर भवन निर्माण सामग्री रखकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। निगम की टीम ने विदिशा रोड के रासलाखेड़ी क्षेत्र में अभियान चलाकर 11 मामलों में 31 हजार रुपये का स्पॉट फाइन वसूला और सड़क पर रखी निर्माण सामग्री हटवाई।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर में स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के तहत बुधवार को जोन क्रमांक-17 की टीम ने वार्ड क्रमांक-73 के विदिशा रोड क्षेत्र का निरीक्षण किया।
सड़क पर रखी थी निर्माण सामग्री
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई लोगों ने भवन निर्माण सामग्री सड़क पर रख दी थी। इससे वाहनों और राहगीरों के आवागमन में परेशानी हो रही थी और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी।
नगर निगम की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सड़क से निर्माण सामग्री हटवाई और नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 लोगों पर कुल 31 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सड़क, फुटपाथ या सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण सामग्री रखकर यातायात और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि भवन निर्माण सामग्री केवल निर्धारित स्थान पर ही रखें, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
