State

भोपाल: आवासीय कॉलोनियों में व्यावसायिक गतिविधियों पर नगर निगम सख्त, विधानसभावार नोडल अधिकारी नियुक्त

आवासीय कॉलोनियों में व्यावसायिक गतिविधियों पर निगम सख्त

भोपाल, 6 अगस्त। राजधानी में आवासीय कॉलोनियों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। निगमायुक्त संस्कृति जैन ने विधानसभावार नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है, जो भवन अनुज्ञा शाखा और जोनल अमले के साथ शहरभर का सर्वे करेंगे।

सर्वे के दौरान तीन प्रमुख बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जाएगी—बिना अनुमति किए गए निर्माण, स्वीकृति से अधिक निर्माण तथा आवासीय अनुमति वाले भवनों का व्यावसायिक उपयोग। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पालन के तहत की जा रही है।

प्रारंभिक चरण में करीब 15 दिनों तक सर्वे और नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद पूरे शहर में एक साथ कार्रवाई किए जाने की तैयारी है। निगम अधिकारियों के अनुसार फिलहाल सीलिंग की कार्रवाई रोककर पहले सभी वैध और अवैध कॉलोनियों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, ताकि किसी क्षेत्र के साथ भेदभाव का आरोप न लगे।

विधानसभावार नोडल अधिकारी

– गोविंदपुरा – भुवन गुप्ता (उपायुक्त)
– हुजूर – अभिषेक सिंह (अपर आयुक्त)
– नरेला एवं उत्तर – वरुण अवस्थी (अपर आयुक्त)
– दक्षिण-पश्चिम – अंजु अरुण कुमार (अपर आयुक्त)
– मध्य – अमन मिश्रा (अपर आयुक्त)

इससे पहले निगमायुक्त संस्कृति जैन ने भवन अनुज्ञा शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पालन में देरी पर नाराजगी जताई। बैठक में समयबद्ध सर्वे और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

गुरुवार को अरेरा कॉलोनी, रोहित नगर सहित अन्य क्षेत्रों में व्यावसायिक प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खुले रहे। निगम अधिकारियों का कहना है कि सर्वे पूरा होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles