सेंट्रल वर्ज, साइड वर्ज और रोटरियों के सौंदर्यीकरण हेतु उद्यान विभाग का विशेष साप्ताहिक अभियान जारी
भोपाल । शहर की सुंदरता और हरियाली को नया आयाम देने के लिए नगर निगम भोपाल द्वारा सेंट्रल वर्ज, साइड वर्ज, चौराहों और रोटरियों के सौंदर्यीकरण हेतु विशेष साप्ताहिक अभियान संचालित किया जा रहा है। इस पहल के तहत निगम के उद्यान विभाग की टीम ने बुधवार को होशंगाबाद रोड पर आर.आर.एल. तिराहे से बरकतउल्ला विश्वविद्यालय तक पेड़-पौधों की कटाई, छटाई, हेज कटिंग, ग्रास कटिंग और साफ-सफाई का कार्य किया।
इस कार्रवाई के बाद मार्ग का संपूर्ण क्षेत्र हरित और आकर्षक नजर आने लगा है। नगर निगम की यह पहल न केवल शहर की दृश्य सुंदरता को बढ़ा रही है, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता और हरित पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी पैदा कर रही है।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देशानुसार, शहर के विभिन्न मार्गों और हरित क्षेत्रों में हर सप्ताह विशेष अभियान चलाकर हरियाली और स्वच्छता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनके निर्देशानुसार, उद्यान शाखा द्वारा जोनों के उद्यान कर्मियों के विशेष दल गठित किए गए हैं, जो हर सप्ताह एक क्षेत्र को चिन्हित कर वहां सौंदर्यीकरण का कार्य करते हैं।
अपर आयुक्त (उद्यान) हर्षित तिवारी के निर्देशन में तैयार कार्ययोजना के अनुसार इस अभियान में 30 कर्मचारियों की टीम ने भाग लिया। दल ने साइड वर्ज और सेंट्रल वर्ज पर पौधों की छटाई, घास की कटाई और सफाई कर क्षेत्र को व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया। इससे होशंगाबाद रोड का यह हिस्सा अब पहले की तुलना में अधिक आकर्षक और सौंदर्ययुक्त दिखाई दे रहा है।
निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने बताया कि यह विशेष साप्ताहिक अभियान निरंतर जारी रहेगा। इससे पहले इसी श्रृंखला में लिंक रोड नं. 02 पर भी पेड़-पौधों की छटाई और साफ-सफाई का कार्य सफलतापूर्वक किया जा चुका है।
नगर निगम भोपाल की यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कदम है, बल्कि स्वच्छ और हरित भोपाल के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास भी है।
नगर निगम भोपाल का हरित सौंदर्य अभियान: होशंगाबाद रोड पर पेड़-पौधों की छटाई और साफ-सफाई से बढ़ा आकर्षण
