State

राजस्व वसूली और सीवेज कार्यों में लापरवाही पर निगमायुक्त सख्त, दो दर्जन अधिकारियों-कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश

समय-सीमा समीक्षा बैठक में राजस्व, जलकार्य और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के धीमे निराकरण पर जताई नाराजगी

भोपाल, 8 जुलाई। नगर निगम के नवीन मुख्यालय अटल भवन में आयोजित समय-सीमा कार्यों की समीक्षा बैठक में निगमायुक्त संस्कृति जैन ने राजस्व वसूली, जलकार्य, सीवेज, यांत्रिक एवं फायर विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए दो दर्जन से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने पाया कि विभिन्न मदों में राजस्व वसूली अपेक्षा से कम है तथा यांत्रिक और सीवेज संबंधी कार्य समय पर पूरे नहीं किए जा रहे हैं। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन और अन्य शिकायतों के निराकरण की गति भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि कार्यों के प्रति गंभीरता नहीं बरतने से नगर निगम की छवि प्रभावित हो रही है।

संस्कृति जैन ने राजस्व विभाग के अधिकारियों से कहा कि जोन और वार्ड स्तर पर कर वसूली में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त राजस्व प्राप्त होने पर ही विकास कार्यों और कर्मचारियों के वेतन का सुचारु संचालन संभव हो सकेगा।

जलकार्य और सीवेज विभाग की समीक्षा में उन्होंने गंदे एवं दूषित पेयजल की आपूर्ति तथा सीवेज संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर समयबद्ध कार्रवाई करें।

बैठक के दौरान निगमायुक्त ने राजस्व विभाग के सहायक आयुक्त, यांत्रिक एवं सीवेज विभाग के अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, उपयंत्री, राजस्व अधिकारी तथा जोन क्रमांक 1, 2, 3, 4, 5, 6, 8, 10, 15, 17 और 18 के जोनल अधिकारियों एवं संबंधित वार्ड प्रभारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए।

बारिश के मद्देनजर सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु को देखते हुए सड़कों, गलियों, नालों और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए और साफ-सफाई की सतत निगरानी रखी जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार, तन्मय वशिष्ठ शर्मा, वरुण अवस्थी, अभिषेक सिंह, वरुण बरेडिया, उपायुक्त भुवन गुप्ता, दिनेश सिंह, हीरेन्द्र सिंह कुशवाह, चंचलेश गिरहारे, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग, संतोष गुप्ता, आर.आर. जरोलिया सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

भोपाल नगर निगम की समीक्षा बैठक में निगमायुक्त संस्कृति जैन ने राजस्व वसूली, सीवेज, जलकार्य और शिकायतों के धीमे निराकरण पर नाराजगी जताते हुए दो दर्जन से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए।

Related Articles