MPL 2026 की उपविजेता रॉयल निमाड़ ईगल्स अब शिक्षा और खेल प्रतिभाओं को देगी बढ़ावा

खंडवा। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) 2026 के पहले ही सीजन में उपविजेता बनी रॉयल निमाड़ ईगल्स अब क्रिकेट के साथ शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और जमीनी स्तर की खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की पहल कर रही है। आईसेक्ट इंडिया और डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा की संयुक्त पहल के तहत टीम ने क्षेत्र में कई सामाजिक और खेल गतिविधियां शुरू की हैं।
खंडवा में आयोजित कार्यक्रम में निमाड़ क्षेत्र की 31 छात्राओं को छात्रवृत्ति दी गई, जबकि 19 स्कूलों को क्रिकेट किट वितरित की गईं। इस दौरान रॉयल निमाड़ ईगल्स की पुरुष और महिला टीम के खिलाड़ियों ने क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों और खिलाड़ियों से संवाद किया। जिला क्रिकेट एसोसिएशन खंडवा के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सिंह तोमर और सचिव सदानंद यादव को भी सम्मानित किया गया।
हर 100 रन पर बेटियों की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति
MPL 2026 के दौरान आईसेक्ट ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज ने घोषणा की थी कि लीग में किसी भी टीम के प्रत्येक 100 रन पर मध्यप्रदेश की छात्राओं को छात्रवृत्ति देने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल के तहत प्रदेश की 191 छात्राओं को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसी क्रम में खंडवा में निमाड़ क्षेत्र की 31 छात्राओं को छात्रवृत्ति दी गई।
आईसेक्ट के चेयरमैन और रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के चांसलर संतोष चौबे ने कहा कि क्रिकेट केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से शिक्षा और सामाजिक बदलाव को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।
19 स्कूलों को क्रिकेट किट
रॉयल निमाड़ ईगल्स ने MPL के दौरान प्रत्येक मैच में टीम द्वारा बनाए गए प्रत्येक 100 रन पर निमाड़ क्षेत्र के स्कूलों को क्रिकेट किट देने का संकल्प लिया था। इसके तहत क्षेत्र के 19 स्कूलों को क्रिकेट किट वितरित की गईं।
आईसेक्ट इंडिया के कार्यकारी उपाध्यक्ष और स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि टीम का उद्देश्य निमाड़ की प्रतिभाओं को अवसर देना और क्रिकेट को क्षेत्र के सामाजिक विकास से जोड़ना है।
एशियन चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान
कार्यक्रम में डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय के तीन खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इन खिलाड़ियों ने एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता है।
कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी ने कहा कि निमाड़ क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है।
25 खेल प्रशिक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम में निमाड़ क्षेत्र में खिलाड़ियों को तैयार करने वाले 25 खेल प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने में प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
खंडवा में शुरू होगी रॉयल ईगल्स क्रिकेट अकादमी
निमाड़ की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए खंडवा में रॉयल ईगल्स क्रिकेट अकादमी शुरू की जा रही है। यहां खिलाड़ियों को तकनीक, अनुशासन, कोचिंग और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का प्रशिक्षण देने की योजना है।
रॉयल निमाड़ ईगल्स के हेड कोच संजय पांडे ने कहा कि निमाड़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। अकादमी के माध्यम से बच्चों को शुरुआती स्तर से सही तकनीक और प्रशिक्षण देने का प्रयास किया जाएगा।
क्रिकेट डायरेक्टर जी. सतीश कुमार ने कहा कि रॉयल निमाड़ ईगल्स का विजन केवल MPL तक सीमित नहीं है। टीम निमाड़ में मजबूत क्रिकेट इकोसिस्टम तैयार करना चाहती है, जिसमें अकादमी, स्कूलों में संसाधन उपलब्ध कराना और प्रतिभा पहचान कार्यक्रम शामिल हैं।
पहले ही सीजन में फाइनल तक पहुंची टीम
रॉयल निमाड़ ईगल्स ने अपने पहले ही MPL सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और उपविजेता बनी। टीम की इस उपलब्धि से निमाड़ क्षेत्र में क्रिकेट को लेकर उत्साह बढ़ा है।
टीम की उपविजेता उपलब्धि के साथ छात्रवृत्ति वितरण, स्कूलों को क्रिकेट किट, प्रशिक्षकों का सम्मान और क्रिकेट अकादमी की शुरुआत को क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं और शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





