State

MP Police News: मध्यप्रदेश पुलिस ने 15 दिनों में 1.50 करोड़ रुपये से अधिक की चोरी की संपत्ति बरामद, कई शातिर आरोपी गिरफ्तार

कनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई से चोरी के मामलों का खुलासा, आभूषण, वाहन, मोबाइल और नकदी बरामद

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती दिखाते हुए पिछले 15 दिनों में बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में चोरी और नकबजनी के मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की है। बरामद सामान में सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, वाहन, नकदी और अन्य कीमती सामान शामिल हैं।

इंदौर में दो बड़े मामलों का खुलासा

इंदौर के लसूडिया थाना पुलिस ने ई-ऑटो में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर लगभग 24 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। वहीं जूनी इंदौर पुलिस ने घरों में केयरटेकर बनकर चोरी करने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपये के आभूषण और नकदी बरामद की। दोनों मामलों में कुल 34 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त हुई।

उज्जैन, कटनी और गुना में भी बड़ी सफलता

उज्जैन के खाचरोद थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 33 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए। कटनी के बरही थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चोरी का खुलासा कर 25 लाख रुपये की संपत्ति और एक कार जब्त की।

गुना पुलिस ने जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी करने वाले दो अंतरराज्यीय गिरोहों के 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की।

भोपाल ग्रामीण सहित कई जिलों में कार्रवाई

भोपाल ग्रामीण पुलिस की एसआईटी ने 12 मंदिर चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 16 चांदी के मुकुट सहित लगभग 4 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।

इसके अलावा अशोकनगर, खरगोन, जबलपुर जीआरपी, शाजापुर, खंडवा, छिंदवाड़ा और राजगढ़ में भी चोरी के मामलों का खुलासा कर लाखों रुपये की संपत्ति जब्त की गई और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस की अपील

मध्यप्रदेश पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण, चोरी की संपत्ति की बरामदगी और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए आधुनिक तकनीक और प्रभावी जांच का लगातार उपयोग किया जा रहा है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles