भोपाल कलेक्टोरेट में प्रशासनिक फेरबदल
भोपाल। भोपाल कलेक्टोरेट में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को नई गति देने के लिए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। सबसे अहम बदलाव एमपी नगर एसडीएम पद पर हुआ है। लंबे समय से कलेक्टोरेट में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर निधि चौकसे को एमपी नगर वृत्त का एसडीएम नियुक्त किया गया है। गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए।
एलके खरे के प्रमोशन के बाद खाली था पद
एमपी नगर एसडीएम का पद संयुक्त कलेक्टर एलके खरे के अपर कलेक्टर पद पर पदोन्नत होने के बाद से खाली था। उनके कार्यमुक्त होने के बाद इस महत्वपूर्ण वृत्त की जिम्मेदारी अब निधि चौकसे को सौंपी गई है। उनके अधिकार क्षेत्र में एमपी नगर, हरिजन कल्याण, अवधपुरी, बाग सेवनिया, क्राइम ब्रांच, अजाक्स, महिला थाना और जीआरपी थाना क्षेत्र शामिल रहेंगे।
रवीश श्रीवास्तव को मिली कई अहम शाखाओं की जिम्मेदारी
संयुक्त कलेक्टर एवं बैरागढ़ एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव को भू-संसाधन प्रबंधन, राहत एवं आपदा प्रबंधन, नजूल, आरआरसी, वक्फ, भूमि अर्जन, मेट्रो परियोजना और भूमि आवंटन जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई का जिम्मा लाखन चौधरी को
डिप्टी कलेक्टर लाखन चौधरी को सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन, टीएल बैठक, जनसुनवाई, लोक सेवा प्रबंधन और सामान्य शिकायत शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। इससे आम लोगों की शिकायतों के निस्तारण से जुड़े कार्यों की निगरानी अब उनके जिम्मे रहेगी।
वंही डिप्टी कलेक्टर एवं शहर वृत्त एसडीएम दीपक पांडेय को उप जिला निर्वाचन अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है। इसके साथ ही जनगणना से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी। प्रशासन का मानना है कि इस फेरबदल से विभिन्न शाखाओं के कार्यों में बेहतर समन्वय और तेजी आएगी।
