मोती मस्जिद-सदर मंजिल मार्ग से बैरिकेडिंग हटाने और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग
भोपाल। पुराने भोपाल के बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने शनिवार को पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ बैठक की। बैठक में भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बाजारों में लगने वाले जाम, बैरिकेडिंग, अतिक्रमण और अन्य यातायात संबंधी समस्याएं सामने रखीं।
व्यापारियों ने मोती मस्जिद के पास की गई बैरिकेडिंग के कारण बाजार क्षेत्र में आवागमन प्रभावित होने की बात कही। इस पर सांसद आलोक शर्मा ने पुलिस कमिश्नर से मोती मस्जिद से सदर मंजिल की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई अनावश्यक बैरिकेडिंग हटाने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे आम नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में राहत मिलेगी।
सांसद ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए बाजारों में आने वाले लोगों और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी से बचाना जरूरी है।
सुल्तानिया रोड और इमामी गेट क्षेत्र में अतिक्रमण का मुद्दा
बैठक में सुल्तानिया रोड और इमामी गेट क्षेत्र में अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया गया। सांसद ने कहा कि इकबाल मैदान के आसपास सड़क किनारे बड़ी संख्या में फल-सब्जियों के ठेले लगने से यातायात प्रभावित होता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अतिक्रमण हटाने के साथ ही ठेले-खोमचे वालों के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई, ताकि लोगों की आजीविका भी प्रभावित न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।
यातायात विशेषज्ञ करेंगे क्षेत्र का सर्वे
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सांसद को आश्वस्त किया कि आमजन की सुविधा और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्रों का यातायात विशेषज्ञों के माध्यम से सर्वे कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर जनहित में उचित निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
