State

नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचाने वाली पर्वतारोही अंजना सिंह सम्मानित

भोपाल । मध्यप्रदेश की बेटियां आज न केवल खेल और साहसिक गतिविधियों में देश का नाम रोशन कर रही हैं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को भी वैश्विक पहचान दिला रही हैं। इसी कड़ी में मैहर जिले की अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही सुश्री अंजना सिंह ने पुलिस मुख्यालय भोपाल में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर डीजीपी ने ‘नशे से दूरी है जरूरी’ जन-जागरूकता अभियान को यूरोप की सर्वोच्च चोटी माउंट एलब्रुस तक पहुंचाने के लिए अंजना सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

माउंट एलब्रुस से युवाओं को दिया नशे के खिलाफ संदेश
अंजना सिंह ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस से युवाओं को नशे के खिलाफ सशक्त संदेश देते हुए “नशे को ना कहें” की अपील की। इस साहसिक और प्रेरणादायी पहल ने मध्यप्रदेश पुलिस के ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। यह प्रयास न केवल युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करता है, बल्कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को भी मजबूत करता है।

डीजीपी ने की सराहना, बताया प्रेरणास्रोत

पुलिस महानिदेशक  कैलाश मकवाणा ने अंजना सिंह के साहस, समर्पण और सामाजिक प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि जब खेल, साहस और सामाजिक संदेश एक साथ जुड़ते हैं, तो उसका प्रभाव कहीं अधिक व्यापक और सकारात्मक होता है। डीजीपी ने इस अवसर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

सामान्य परिवार से अंतरराष्ट्रीय पहचान तक का सफर

उल्लेखनीय है कि सुश्री अंजना सिंह, ग्राम बेंदुरा कला, तहसील अमरपाटन, जिला मैहर (मध्यप्रदेश) की निवासी हैं और एक सामान्य परिवार से संबंध रखती हैं। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड स्कीइंग, मनाली से पर्वतारोहण के बीएमसी (BMC) एवं एएमसी (AMC) कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं।इसके बाद उन्होंने फेंडशिप चोटी (15,000 फीट) और शिनकुन ईस्ट (19,971 फीट) जैसी दुर्गम चोटियों को ए-ग्रेड के साथ फतह कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

किलिमंजारो और एलब्रुस पर लहराया तिरंगा

गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2025 को सुश्री अंजना सिंह ने अफ्रीका की सर्वोच्च चोटी माउंट किलिमंजारो पर राष्ट्रगान के साथ तिरंगा फहराकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। इसके बाद 27 जुलाई 2025 को उन्होंने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस पर भी भारतीय तिरंगा लहराया।
आगे का लक्ष्य: ऑस्ट्रेलिया की सर्वोच्च चोटी
अंजना सिंह अब ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोसियस्जको (Mount Kosciuszko) को फतह करने की तैयारी में जुटी हैं। उनका यह सफर साहस, अनुशासन और सामाजिक चेतना का अनूठा उदाहरण बनता जा रहा है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एससीआरबी जयदीप प्रसाद, पीएसओ विनीत कपूर एवं एसओ मलय जैन भी उपस्थित रहे।

Related Articles