भोपाल में 15 दिन में 4,500 से अधिक स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त, ब्रिक्स सम्मेलन से पहले तेज हुआ अभियान

भोपाल, 29 जुलाई। नगर निगम की विद्युत शाखा ने पिछले 15 दिनों में शहरभर में विशेष अभियान चलाकर 4,500 से अधिक स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और संधारण कार्य पूरा किया है। निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ-साथ आगामी ब्रिक्स सम्मेलन से पहले शहर की सड़कों को रोशन और व्यवस्थित बनाना है।
नगर निगम के अनुसार, पूर्व से स्थापित विद्युत प्रकाश व्यवस्था को सुचारु करने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर काम किया गया। अभियान के तहत राजा भोज प्रतिमा, वीआईपी रोड से लालघाटी, हमीदिया रोड, नेहरू नगर से पीएनटी चौराहा, माता मंदिर से तुलसी नगर टावर, 74 बंगला, चार इमली, श्यामला हिल्स, बोट क्लब, भदभदा से सूरज नगर, स्मार्ट पार्क रोड, लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3, रोशनपुरा, एमपी नगर, जेके रोड, केरवा डैम रोड, कोलार रोड, बैरागढ़ मार्केट, लालघाटी से हलालपुर, अशोका गार्डन, अरविंद विहार, विद्या नगर और होशंगाबाद रोड सहित अनेक क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटों का संधारण किया गया।
नगर निगम का कहना है कि शहर की प्रमुख सड़कों, पर्यटन स्थलों और वीआईपी मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने का कार्य लगातार जारी रहेगा, ताकि नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान शहर की बेहतर छवि प्रस्तुत हो सके।




