भोपाल/सागर। मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की नई मंगल विहार धर्मश्री कॉलोनी सागर शहर के सुनियोजित विकास और विस्तार में अहम भूमिका निभाएगी। इस परियोजना के तहत आम लोगों को किफायती दरों पर मकान और विकसित आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे।
सागर के धर्मश्री कॉलोनी स्थित संविधान चौक के पास आयोजित भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने परियोजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन ने की।
मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बुंदेलखंड के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। बेहतर शहरी योजनाओं, अधोसंरचना और निवेश को बढ़ावा देने के प्रयासों के बीच यह आवासीय परियोजना भी क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रदेश के अन्य शहरों में भी ऐसी आधुनिक कॉलोनियां विकसित की जाएंगी।
मंडल के अध्यक्ष ओम जैन ने बताया कि यह कॉलोनी 14.27 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगी। परियोजना को 48.37 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और 35.78 करोड़ रुपये की तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। कॉलोनी को 18 माह में सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना के तहत 167 आवासीय मकान बनाए जाएंगे। इनमें 49 एमआईजी-ए, 54 एमआईजी-बी, 31 एलआईजी-ए और 33 ईडब्ल्यूएस-बी श्रेणी के मकान शामिल हैं। इसके अलावा 94 विकसित आवासीय प्लॉट भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनमें विभिन्न आय वर्गों के लिए प्लॉट शामिल होंगे।
ओम जैन ने कहा कि यदि भविष्य में अतिरिक्त भूमि उपलब्ध होती है, तो उसी क्षेत्र में और भी आधुनिक एवं सुव्यवस्थित आवासीय कॉलोनियां विकसित की जाएंगी।
