जलभराव की सूचना मिलते ही सक्रिय हुए विधायक सबनानी, प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

भोपाल। मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। बाणगंगा क्षेत्र में यूथ हॉस्टल की दीवार गिरने की सूचना मिलने के बाद दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी सक्रिय हुए। उन्होंने अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
उस समय विधायक छोला क्षेत्र स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर में दर्शन कर रहे थे। सूचना मिलते ही उन्होंने नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर प्रभावित क्षेत्र में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य कराने के निर्देश दिए। दर्शन के बाद वे स्वयं बाणगंगा क्षेत्र पहुंचे।
प्रभावित लोगों के सर्वे और मुआवजे के निर्देश
मौके पर मौजूद टीटी नगर एसडीएम अर्चना शर्मा को विधायक ने प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराने और पात्र प्रभावित नागरिकों को उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
विधायक सबनानी ने नयाबसेरा, राजीव नगर, बाणगंगा, अंजलि कॉम्प्लेक्स और अर्जुन नगर का दौरा कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बरखेड़ी खुर्द और ज्योतिबा फुले नगर के प्रभावित क्षेत्रों में भी संबंधित अधिकारियों को तत्काल पहुंचकर स्थिति का समाधान करने के निर्देश दिए।
संकट के समय जनता के बीच रहने पर जोर
सबनानी ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल सामान्य परिस्थितियों में जनता के बीच रहना नहीं, बल्कि संकट और आपदा के समय सबसे पहले प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान प्राथमिकता यह है कि किसी भी नागरिक को परेशानी न हो और जरूरत पड़ने पर प्रशासन तथा जनप्रतिनिधि की मदद तत्काल उपलब्ध हो।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक अमले को लगातार निगरानी रखने और जरूरत के अनुसार राहत कार्य करने के निर्देश भी दिए।





