भोपाल, 12 अगस्त 2026। राजधानी में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने बुधवार को वार्ड 27 और वार्ड 31 के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
विधायक ने राजीव नगर, अंजलि कॉम्प्लेक्स, अर्जुन नगर फेस-2 और 99 ब्लॉक तुलसी टावर के पास नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर जलभराव से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।
प्रभावित लोगों के सर्वे और मुआवजे के निर्देश
सबनानी ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश और जलभराव से प्रभावित पात्र लोगों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित नागरिकों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए और जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए।
प्रभावित परिवारों को बांटी भोजन सामग्री
निरीक्षण के दौरान प्रभावित लोगों को भोजन सामग्री भी वितरित की गई। विधायक ने अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बारिश के दौरान प्रभावित नागरिकों की लगातार मदद करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जोन अध्यक्ष एवं पार्षद ब्रजुला साचन, एल्डरमैन प्रमोद पोलघंटवाल, मंडल अध्यक्ष सोनू पालीवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
