महामहिम राष्ट्रपति द्वारा मियाना रेलवे स्टेशन को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार 2025 से किया गया सम्मानित

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है कि भोपाल मंडल अंतर्गत मियाना रेलवे स्टेशन को ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार (NECA) 2025 से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार रविवार, 14 दिसंबर 2025 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में माननीया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया। पश्चिम मध्य रेलवे की ओर से यह सम्मान महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने प्राप्त किया।
ऊर्जा मंत्रालय और बीईई द्वारा दिया जाने वाला प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान
राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) द्वारा प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार देशभर में ऊर्जा संरक्षण, नवीन तकनीकों के उपयोग, प्रभावी ऊर्जा प्रबंधन और सतत विकास की दिशा में किए गए सर्वोत्तम प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देता है। इस पुरस्कार के लिए कठोर मूल्यांकन प्रक्रिया, ऊर्जा बचत का सत्यापन तथा तकनीकी दस्तावेज़ों की गहन जांच की जाती है, जिससे इसकी विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा और अधिक बढ़ जाती है।
LED, BLDC और स्मार्ट लाइटिंग से हुई बड़ी ऊर्जा बचत
भोपाल मंडल के मियाना रेलवे स्टेशन को यह उपलब्धि LED आधारित ऊर्जा-दक्ष प्रकाश व्यवस्था, BLDC पंखों की स्थापना, तथा 30 से 70 प्रतिशत स्मार्ट लाइटिंग सर्किट संचालन प्रणाली के सफल क्रियान्वयन के कारण प्राप्त हुई है। इन उपायों से स्टेशन पर 10,000 यूनिट से अधिक वार्षिक बिजली की बचत संभव हो सकी है, जो ऊर्जा संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
महाप्रबंधक ने दी बधाई, टीम प्रयासों की सराहना
पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने इस अवसर पर कहा कि यह दिन पश्चिम मध्य रेलवे के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया है।
उन्होंने मियाना स्टेशन को बीईई का राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार (NECA 2025) प्राप्त होने पर प्रमुख मुख्य इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (मुख्यालय), भोपाल मंडल रेल प्रबंधक, तथा मंडल और मुख्यालय के सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की। तकनीकी मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम
यह सफलता भोपाल मंडल के विद्युत (सामान्य) विभाग के वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) श्री संजय मानोरिया के तकनीकी मार्गदर्शन एवं सतत निगरानी का परिणाम है। उनके नेतृत्व में विभागीय टीम ने ऊर्जा संरक्षण परियोजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया।
विभाग द्वारा नियमित ऊर्जा ऑडिट, बिजली खपत का वैज्ञानिक लोड विश्लेषण, स्टेशन-वार ऊर्जा प्रोफाइलिंग, स्टाफ के लिए ऊर्जा जागरूकता प्रशिक्षण एवं अभियान तथा ऊर्जा-सक्षम तकनीकों का चरणबद्ध उपयोग
जैसे कई महत्वपूर्ण प्रयास किए गए।
साथ ही, मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी के दूरदर्शी नेतृत्व, नीतिगत समर्थन और नवोन्मेषी उपायों को प्रोत्साहन से भोपाल मंडल की ऊर्जा दक्षता योजनाओं को नई गति मिली, जिसके परिणामस्वरूप मियाना रेलवे स्टेशन को राष्ट्रीय स्तर पर यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ।



