
सुरखी विधानसभा में बूथ समिति की बैठक में दी संगठन सशक्तिकरण की सीख
भोपाल। मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि हम सब मंत्री, विधायक या पदाधिकारी बाद में हैं, पहले हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने यह बात सुरखी विधानसभा क्षेत्र की बूथ समिति की समीक्षा बैठक में कही। बैठक में जैसी नगर मंडल और सीहोरा मंडल के सभी बूथ समिति सदस्य, बूथ अध्यक्ष, महामंत्री, बीएलए-2, सोशल मीडिया प्रभारी, मन की बात प्रभारी सहित वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
मंत्री राजपूत ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, जो पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान बैठक में बीएलए (Booth Level Agent) के कार्यों और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि बीएलए का आने वाला एक माह अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा क्योंकि उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं के संपर्क, एसआईआर सर्वेक्षण और संगठनात्मक अपडेट से जुड़े कार्य करने होंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सागर हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा की 104 बूथ समितियां पार्टी के लिए मेरुदंड के समान हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र में सक्रिय बैठकें करें तथा सोशल मीडिया प्रभारी और ‘मन की बात’ प्रभारी संगठनात्मक गतिविधियों को निरंतर गति दें।
सुरखी विधानसभा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र पाठक ने बताया कि प्रत्येक बूथ स्तर पर मन की बात कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संदेश को सुना जाए और उसकी फोटो संगठन ऐप पर अपलोड की जाए। साथ ही उन्होंने बीएलए-2 को एसआईआर संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि संगठन की शक्ति बूथ स्तर पर कार्यरत कार्यकर्ताओं से आती है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पूर्ण निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करें।
इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुखदेव मिश्रा, रामेश्वर नामदेव, जनपद अध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष धरमेंद्र पटैल, लोकमन लोधी, धीरज सिंह औरिया, बालकिशन सोनी, अंशुल परिहार, राकेश दुबे, हरनाम सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



