जैसीनगर पहुंचे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, जनसमस्याएं सुनकर 2 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को दी मंजूरी

भोपाल/सागर। मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने रविवार को सागर जिले के जैसीनगर में पैदल भ्रमण कर लोगों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास एवं जनहित कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।

मंत्री राजपूत बिना किसी औपचारिक कार्यक्रम के जैसीनगर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में पहुंचे। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की और कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल चुनाव तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हर समय जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना ही सच्ची जनसेवा है। उन्होंने कहा कि सुरखी विधानसभा उनका परिवार है और वे लोगों का हालचाल जानने के लिए पहुंचे हैं।

क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की दी जानकारी

भ्रमण के दौरान मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जैसीनगर में लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय, 7 करोड़ रुपये का ऑडिटोरियम, 12 करोड़ रुपये का महाविद्यालय भवन और 2 करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कराया गया है। साथ ही करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल का निर्माण भी प्रस्तावित है।

अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए और किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi और मुख्यमंत्री Mohan Yadav के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

लोगों ने किया आत्मीय स्वागत

पैदल भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने मंत्री का शाल, श्रीफल, पुष्पमालाओं और पुष्पवर्षा से स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर खुशी जताई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

Exit mobile version