सुरखी में घर-घर पहुंचे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, 5 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा

भोपाल। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शनिवार को सुरखी विधानसभा क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर लोगों से सीधे संवाद किया। उन्होंने घर-घर जाकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और सड़क, नाली, पेयजल तथा आवागमन से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों से विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया।

मंत्री राजपूत ने कहा कि “सुरखी मेरी विधानसभा ही नहीं, मेरा परिवार है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समय पर निराकरण किया जाए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न हो।

नगर परिषद भवन का लोकार्पण

भ्रमण के दौरान मंत्री ने सुरखी नगर परिषद के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्र में 5 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की तथा विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

इनमें वार्ड 1, 2, 6, 9, 10, 11, 12, 13, 14 और 15 में सीसी सड़क, डब्ल्यूबीएम सड़क, फर्श निर्माण और पुलिया निर्माण सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं। मिड़वासा में सड़क और पुलिया निर्माण के कार्य भी प्रस्तावित हैं।

छोटी गलियों तक पहुंचाने पर जोर

राजपूत ने कहा कि विकास का अर्थ केवल बड़े प्रोजेक्ट बनाना नहीं है। सरकार की प्राथमिकता मुख्य मार्गों के साथ-साथ छोटी गलियों और मोहल्लों तक सड़क, नाली, पेयजल और आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ तभी है, जब उसका असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में दिखाई दे।

अधिकारियों से मौके पर लिया फीडबैक

पैदल भ्रमण के दौरान मंत्री ने बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं, दुकानदारों और अन्य नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने लोगों से सीधे पूछा कि उनके क्षेत्र में सड़क, पानी, नाली और आवागमन से जुड़ी क्या समस्याएं हैं। मंत्री ने कहा कि कार्यालय में बैठकर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का पूरा आकलन नहीं किया जा सकता, इसलिए जनप्रतिनिधियों को लगातार जनता के बीच जाना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को सभी शिकायतों को गंभीरता से लेने और विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

सुरखी के विकास और सौंदर्यीकरण पर जोर

मंत्री ने कहा कि सुरखी में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ नगर के व्यवस्थित विकास और सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सड़क, पुलिया, सामुदायिक भवन, सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों के आसपास सुविधाओं के विकास से क्षेत्र की तस्वीर बदलने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल-जल, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

मंत्री राजपूत ने कहा कि सुरखी के हर गांव, हर मोहल्ले और हर गली तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

Exit mobile version