भाजपा कार्यालय में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सुनीं कार्यकर्ताओं और आमजन की समस्याएं

भोपाल। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं और आमजनों की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने स्थानीय विकास, नागरिक सुविधाओं और विभागीय मामलों से जुड़ी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं।
मंत्री राजपूत ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों और विभागों से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को केवल औपचारिकता के तौर पर नहीं लिया जाए, बल्कि प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
कार्यकर्ताओं ने रखे जनहित के मुद्दे
भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दे मंत्री के सामने रखे। इनमें स्थानीय विकास, नागरिक सुविधाओं और विभागीय स्तर की समस्याएं शामिल थीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री राजपूत ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का काम करते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मामले में प्रभावी कार्रवाई हो और पात्र लोगों को योजनाओं एवं सरकारी सुविधाओं का लाभ समय पर मिले।
उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण और सुशासन की दिशा में लगातार काम कर रही है। जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान ही सुशासन की वास्तविक पहचान है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह राजपूत सहित पार्टी कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।





