State

अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, नशामुक्त समाज का दिया संदेश

भोपाल। अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर गुरुवार को भोपाल में “जन-जन का एक ही नारा, नशामुक्त हो समाज हमारा” अभियान के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नशे की लत से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को कानूनी सहायता, नशा मुक्ति के उपायों और उपलब्ध सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था।

यह आयोजन मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में भोपाल न्यूरो साइकाइट्रिक क्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर में किया गया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भोपाल के सचिव एवं न्यायाधीश सुनीत अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना, नशा मुक्ति से जुड़े कानूनी प्रावधानों और जरूरतमंद लोगों के लिए उपलब्ध सहायता की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि नशे की आदत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ और बेहतर जीवन की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान नशे की समस्या से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारजनों ने अपनी जिज्ञासाएं और समस्याएं साझा कीं, जिनका विशेषज्ञों और अधिकारियों ने समाधान बताया।

इस अवसर पर नालसा (राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण) और सालसा (राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण) की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

क्लिनिक संचालक डॉ. आरएन साहू ने मरीजों और उनके परिजनों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति और सही उपचार के माध्यम से नशे की लत से बाहर निकलकर स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नशा प्रभावित मरीज, उनके परिजन और संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Related Articles