महापौर मालती राय और जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने विजेताओं को किया सम्मानित, महिलाओं ने झूले और प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा
भोपाल। सावन के पर्व हरियाली तीज के अवसर पर 9 अगस्त 2026 को भोपाल जिला पंचायत की ‘मेरी सखी’ पहल के तहत कोलार में हरियाली तीज उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सदस्य चंद्रेश राजपूत द्वारा किया गया। उत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में महिलाएं हरे रंग के परिधानों में सज-धजकर पहुंचीं। भगवान राधा-कृष्ण की झांकी के साथ सावन के लोकगीत और भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं ने सावन के झूलों का आनंद लेने के साथ लोकगीतों और नृत्य में भी हिस्सा लिया।
हरियाली तीज क्वीन और मनोरंजन प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम में ‘मेरी सखी हरियाली तीज क्वीन’ प्रतियोगिता के साथ विभिन्न मनोरंजन गेम्स और डांस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय और जिला पंचायत सीईओ श्रीमती इला तिवारी भी शामिल हुईं। दोनों ने महिलाओं के साथ सावन के झूले का आनंद लिया और कार्यक्रम में सहभागिता की।
पूजा बनीं ‘मेरी सखी हरियाली तीज क्वीन’
प्रतियोगिता में पूजा को ‘मेरी सखी हरियाली तीज क्वीन’ चुना गया। जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने विजेता पूजा को ताज पहनाकर सम्मानित किया। महापौर मालती राय और सीईओ इला तिवारी ने अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए।
इस दौरान महिलाओं ने सावन के गीतों, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से हरियाली तीज का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम में पार्षद बबीता डोंगरे, क्रांति लोधी, रेखा पांडे, मीना खरे, सुनीता राजपूत, पूजा शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
