MCU Abhyuday 2026: सत्रारंभ समारोह में आमने-सामने होंगी दो पीढ़ियां, 18 अगस्त से तीन दिवसीय आयोजन

मैं और मेरा विश्वविद्यालय’ थीम पर होगा अभ्युदय 2026, देशभर से आएंगे मीडिया और अन्य क्षेत्रों के विशेषज्ञ

भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) का वार्षिक सत्रारंभ समारोह ‘अभ्युदय 2026’ 18 से 20 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष समारोह की थीम ‘मैं और मेरा विश्वविद्यालय’ रखी गई है। आयोजन में विश्वविद्यालय की वर्तमान पीढ़ी के विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर चुके पूर्व विद्यार्थियों के बीच संवाद होगा।

अभ्युदय 2026 का प्रमुख आकर्षण एमसीयू के उन पूर्व विद्यार्थियों का पहला समूह होगा, जो मीडिया, राजनीति, प्रशासन, सिनेमा और उद्योग सहित अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं। करीब 50 ऐसे पूर्व विद्यार्थी समारोह में शामिल होंगे, जिन्होंने दो से तीन दशक पहले देश के अलग-अलग राज्यों से आकर भोपाल स्थित विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई और करियर की शुरुआत की थी।

मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों पर होगी चर्चा

मीडिया हेड डॉ. पवित्र श्रीवास्तव के अनुसार तीन दिवसीय समारोह में प्रिंट, टेलीविजन, डिजिटल मीडिया, विज्ञापन, जनसंपर्क (पीआर), सिनेमा, प्रबंधन, कंप्यूटर और न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी सहित मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा होगी।

देशभर से विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों के साथ इन क्षेत्रों में उपलब्ध करियर के अवसरों और बदलते मीडिया परिदृश्य पर संवाद करेंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव और करियर की संभावनाओं से परिचित कराना है।

पूर्व विद्यार्थियों की सफलता की कहानी बनेगी प्रेरणा

विश्वविद्यालय के अनुसार अभ्युदय में शामिल होने वाले पूर्व विद्यार्थियों की यात्रा वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक होगी। इनमें कई ऐसे विद्यार्थी हैं, जो छोटे शहरों और गांव-कस्बों से निकलकर एमसीयू पहुंचे और अपनी मेहनत के दम पर देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय मुकाम हासिल किया।

इन पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों की झलक हाल ही में प्रकाशित पुस्तक ‘माखन के लाल’ में भी देखने को मिली है।

डॉ. पवित्र श्रीवास्तव ने बताया कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। अलग-अलग विधाओं में स्थापित और अनुभवी पूर्व विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की नई पीढ़ी के साथ संवाद के लिए लगातार आमंत्रित किया जाएगा।

अभ्युदय 2025 में कुमार विश्वास समेत कई हस्तियां पहुंची थीं

इससे पहले आयोजित ‘अभ्युदय 2025’ में प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित मीडिया जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने विद्यार्थियों से संवाद किया था। इस वर्ष भी आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और पूर्व विद्यार्थियों की मौजूदगी विद्यार्थियों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगी।

Exit mobile version