State

भोपाल: जवाहर चौक में बन रहे गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का महापौर ने किया निरीक्षण, जल्द काम पूरा करने के निर्देश

मालती राय ने निर्माण कार्यों की समीक्षा कर गुणवत्ता और समयसीमा का रखा ध्यान

भोपाल। राजधानी भोपाल में ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए जवाहर चौक क्षेत्र में बन रहे गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी। बुधवार को महापौर मालती राय ने निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

महापौर ने जोन क्रमांक-21 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-25 स्थित निर्माणाधीन गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों से तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने को कहा।

गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं

महापौर मालती राय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी जरूर लाई जाए, लेकिन गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि शहर की कचरा प्रबंधन व्यवस्था अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बन सके।

अधिकारियों ने दी प्रगति की जानकारी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महापौर को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और आगे की कार्ययोजना से अवगत कराया। महापौर ने आवश्यक सुझाव भी दिए और कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय उपायुक्त हीरेंद्र सिंह कुशवाह, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता, महापौर परिषद सदस्य आर.के. सिंह बघेल और जगदीश यादव, जोन अध्यक्ष आरती अनेजा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम का कहना है कि गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन के शुरू होने के बाद कचरे के संग्रहण और परिवहन की व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

Related Articles