कुबेरेश्वर धाम कांवड़ यात्रा के लिए अंतरजिला समन्वय से संभालें यातायात व्यवस्था

भोपाल, 19 अगस्त 2026। सीहोर में आयोजित होने वाली कुबेरेश्वर धाम कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सभी संबंधित जिलों को आपसी समन्वय से सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

संभागायुक्त शर्मा ने बुधवार को कमिश्नर कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में आसपास के जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। उन्होंने सभी जिलों को लगातार संपर्क में रहने और सीहोर में बनाए गए कंट्रोल रूम को जरूरी सूचनाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रमुख मार्गों पर लगाए जाएंगे संकेतक

संभागायुक्त ने कहा कि यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर यातायात का प्रवाह नियंत्रित और सुचारु रहना चाहिए। इसके लिए डायवर्जन प्लान के स्पष्ट संकेतक प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएं। सीहोर, शाजापुर और उज्जैन रेलवे स्टेशनों पर कांवड़ यात्रा के लिए संचालित होने वाली विशेष ट्रेनों की जानकारी भी व्यापक रूप से प्रदर्शित की जाए।

आपात स्थिति से निपटने के लिए मार्गों पर क्रेन और त्वरित एंबुलेंस की व्यवस्था रखने तथा आसपास के अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीहोर आने वाले प्रमुख मार्गों पर चेक पॉइंट बनाए जाएंगे। सभी जिलों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए समर्पित व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया जाएगा।

पुलिस बल को कार्ययोजना की ब्रीफिंग के निर्देश

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक रुचि वर्धन मिश्रा ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर किसी भी स्थिति में जाम न लगे और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में तैनात अंतिम स्तर के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों तक भी पूरी कार्ययोजना की स्पष्ट जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि मौके पर व्यवस्थाएं प्रभावी और चाक-चौबंद रहें।

Exit mobile version