मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल संभावित, 70 से ज्यादा IAS और 50 से अधिक IPS अधिकारियों के तबादले की तैयारी

भोपाल ।  मध्यप्रदेश में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भोपाल मंत्रालय में अधिकारियों के तबादलों को लेकर उच्च स्तरीय मंथन जारी है। आने वाले दिनों में 70 से ज्यादा IAS और 50 से अधिक IPS अधिकारियों के तबादले की सूची जारी हो सकती है।

मंत्रालय स्तर पर लगातार बैठकें, जल्द जारी होगी तबादला सूची

मुख्यमंत्री मोहन यादव, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के बीच IAS और IPS अधिकारियों के स्थानांतरण को लेकर बैठकों का दौर जारी है। मंत्रालय सूत्रों के अनुसार, एक-दो दिनों में या फिर 7 जून के बाद तबादलों की सूची सार्वजनिक की जा सकती है। इस बार यह मोहन सरकार का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है।

किन अधिकारियों पर हो सकता है असर?

70 से अधिक IAS अधिकारी प्रभावित हो सकते हैं। 50 से अधिक IPS अधिकारियों के तबादले की संभावना। कई जिलों के कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त बदले जा सकते हैं।मंत्रालय में पदस्थ वरिष्ठ IAS अधिकारियों को जिलों में भेजा जा सकता है। कई IPS अधिकारी जो वर्षों से मुख्यालय में पदस्थ हैं, उन्हें जिलों की जिम्मेदारी मिल सकती है।


चार माह से अटकी है IPS तबादला सूची

सूत्रों के मुताबिक, IPS तबादलों पर पूर्व में कई बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन अंतिम निर्णय के लिए एक और बैठक शेष है। दरअसल, जनवरी में मुख्यमंत्री की जापान यात्रा, फिर GIS समिट की तैयारियां और प्रधानमंत्री मोदी के भोपाल दौरे के चलते यह सूची बार-बार टलती रही।

भारत-पाक तनाव और सरकारी व्यस्तताओं के कारण हुई देरी

आईएएस तबादला सूची मई की शुरुआत में जारी होनी थी, लेकिन उसी समय भारत-पाक सीमा पर तनाव और आपात स्थिति के चलते सरकार की प्राथमिकताएं बदल गईं। इसके बाद विभागीय तबादले और प्रधानमंत्री के दौरे की वजह से प्रक्रिया लंबित रही। अब माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की हरी झंडी मिलते ही IAS और IPS अधिकारियों की सूची कभी भी जारी हो सकती है।

संभावित प्रभाव

प्रशासनिक कार्यों में नई ऊर्जा और गति आ सकती है। जिलों में लंबे समय से जमे अधिकारियों को बदला जाएगा। नई पदस्थापनाएं विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

Exit mobile version