मध्य प्रदेश में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.26 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त

क सप्ताह में गांजा, अफीम, डोडाचूरा और एमडी ड्रग्स बरामद, कई आरोपी गिरफ्तार

भोपाल, 17 अगस्त 2026। मध्य प्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण, परिवहन और तस्करी के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान तेज कर दिया है। पुलिस के अनुसार पिछले एक सप्ताह में विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाई में 1 करोड़ 26 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ, तस्करी में इस्तेमाल वाहन और अन्य संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।

नीमच में 51 लाख की अफीम जब्त

नीमच कैंट पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम बरामद की। इसकी अनुमानित कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार अफीम चार थैलियों में रखी गई थी। आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

सिंगरौली में गांजा और शराब के साथ दो कारें जब्त

सिंगरौली के मकरोहर चौकी-सासन क्षेत्र में पुलिस ने 91 किलो 790 ग्राम गांजा, 93 लीटर अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल दो कारें जब्त कीं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त सामग्री और वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 24.86 लाख रुपये है।

आगर-मालवा में 252 किलो डोडाचूरा बरामद

आगर-मालवा कोतवाली पुलिस ने एक मिनी ट्रक से 252 किलो 830 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मिनी ट्रक और मोबाइल सहित करीब 17.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।

जबलपुर में दो मामलों में गांजा पकड़ा

जबलपुर में क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक और युवती को गिरफ्तार कर 11 किलो 184 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी कीमत करीब 5.59 लाख रुपये बताई गई है।

एक अन्य कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और गढ़ा पुलिस ने महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 18 किलो 682 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 9.34 लाख रुपये है। दोनों मामलों में करीब 14.93 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

इंदौर में एमडी ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार

खजराना पुलिस ने देवास से इंदौर में एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने आए एक आरोपी को गिरफ्तार किया और एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया। उनके कब्जे से करीब 11.50 लाख रुपये मूल्य की 100 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई।

सागर में गांजा तस्करी के दो मामले

सागर कैंट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 20 किलो 356 ग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त संपत्ति की कीमत करीब 2.80 लाख रुपये बताई गई है।

एक अन्य कार्रवाई में दमोह से सागर गांजा लेकर आए दो आरोपियों से 2 किलो 272 ग्राम गांजा और मोटरसाइकिल जब्त की गई। दोनों मामलों में करीब 3.85 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

अन्य जिलों में भी कार्रवाई

– मंदसौर: नारायणगढ़ पुलिस ने कार से 44 किलो डोडाचूरा जब्त किया।
– गुना: चांचौड़ा पुलिस ने दो आरोपियों से 1 किलो 154 ग्राम गांजा और मोटरसाइकिल जब्त की।
– हरदा: कोतवाली पुलिस ने 2 किलो 20 ग्राम गांजा और मोटरसाइकिल जब्त की।
– कटनी: बड़वारा पुलिस ने मोटरसाइकिल से गांजा तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 किलो 330 ग्राम गांजा और वाहन जब्त किया।

मध्य प्रदेश पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का फोकस केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल वाहनों और अन्य संपत्ति की जब्ती तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।

Exit mobile version