मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 दिनों में 2.40 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ और संपत्ति जब्त

ोपाल, 6 अगस्त। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत पिछले 10 दिनों में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। इस दौरान 2.40 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य संपत्ति जब्त कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

नीमच में सबसे बड़ी कार्रवाई

नीमच पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 1.65 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 835 किलो डोडाचूरा, 3.67 किलो अफीम और 220 ग्राम एमडी जब्त की। साथ ही एक देशी पिस्टल, कारतूस और तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन भी जब्त किए गए। इस मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

अन्य जिलों में भी कार्रवाई

– राजगढ़: कुरावर थाना पुलिस ने 75 किलो गांजा और बोलेरो पिकअप जब्त कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त संपत्ति की कीमत करीब 15.50 लाख रुपये है।
– रतलाम: पुलिस ने 147 ग्राम एमडीएमए, 2.104 किलो डोडाचूरा और एक मोटरसाइकिल जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
– मंदसौर: अलग-अलग कार्रवाइयों में 336.840 किलो डोडाचूरा, 230 ग्राम एमडीएमए, कार, ट्रैक्टर और बाइक सहित करीब 15.74 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। सात आरोपी गिरफ्तार किए गए।
– ग्वालियर: पुलिस ने 57.273 किलो गांजा और एक कार जब्त कर चार आरोपियों को पकड़ा।
– कटनी: 20.548 किलो गांजा और 9 हजार नाइट्राजेपाम टैबलेट के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए।
– नरसिंहपुर: “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत 11.30 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी पकड़ा गया।

भोपाल में तीन बड़ी कार्रवाई

भोपाल क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग मामलों में 15.03 किलो और 24.13 किलो गांजा, वाहन और मोबाइल फोन जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं शाहपुरा थाना पुलिस ने 534 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को पकड़ा और अयोध्यानगर थाना पुलिस ने 3 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक कार और दो मोबाइल फोन जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इंदौर, खरगोन और दमोह में भी कार्रवाई

इंदौर के हीरानगर थाना पुलिस ने 10.28 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। विजय नगर थाना पुलिस ने प्रतिबंधित ई-सिगरेट (वेप) की खेप जब्त की। वहीं खरगोन में 9.71 ग्राम ब्राउन शुगर और दमोह में 3.147 किलो गांजा जब्त कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

मध्यप्रदेश पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही प्रदेशभर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version