State

मक्सूदनगढ़ में बड़ा हादसा टला, बारिश में ढहा कन्या स्कूल का जर्जर कक्ष

रविवार होने से स्कूल में नहीं थीं छात्राएं, 427 छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता; 8 कक्ष जर्जर

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के मक्सूदनगढ़ स्थित एकीकृत शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के बीच स्कूल भवन का एक जर्जर कक्ष अचानक ढह गया। रविवार का अवकाश होने के कारण स्कूल में छात्राएं और स्टाफ मौजूद नहीं थे, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

427 छात्राएं करती हैं पढ़ाई

विद्यालय प्रबंधन द्वारा जिला परियोजना समन्वयक को भेजे गए पत्र के अनुसार, वर्तमान शैक्षणिक सत्र में स्कूल में 427 छात्राएं अध्ययनरत हैं। स्कूल में अतिरिक्त सुरक्षित कक्ष उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई है।

विद्यालय प्रबंधन के मुताबिक स्कूल के 8 कक्ष, आंगनबाड़ी केंद्र और किचन शेड जर्जर स्थिति में हैं। ऐसे में इन भवनों में कक्षाएं संचालित करना छात्राओं और स्टाफ के लिए जोखिम भरा हो सकता है।

4-5 साल से अधिकारियों को दी जा रही जानकारी

विद्यालय स्टाफ और स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर भवन की स्थिति को लेकर पिछले 4 से 5 वर्षों से लगातार संबंधित अधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं होने का आरोप है।

रविवार को एक कक्ष ढहने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने जिला शिक्षा अधिकारी, कलेक्टर और विकासखंड शिक्षा अधिकारी राघौगढ़ सहित संबंधित अधिकारियों को दोबारा पत्र भेजा है। इसमें जर्जर भवनों की स्थिति को देखते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर कक्षों को सुरक्षित नहीं किया गया तो बारिश के दौरान किसी बड़े हादसे का खतरा बना रह सकता है।

Related Articles