State

मेल ट्रेन मैनेजर ने घायल यात्री की बचाई जान, चलती ट्रेन रोककर कराया प्राथमिक उपचार

भोपाल। इटारसी से भोपाल आ रही ट्रेन में मेल ट्रेन मैनेजर रोमेश चौबे ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए चलती ट्रेन से गिरकर घायल हुए यात्री की जान बचाई। ट्रेन शाम 5:23 बजे इटारसी से रवाना हुई थी।

किलोमीटर 745/40 के पास मेल ट्रेन मैनेजर की नजर ट्रैक किनारे घायल यात्री पर पड़ी। उन्होंने तत्काल ट्रेन का प्रेशर गिराकर गाड़ी रुकवाई। इसके बाद यात्रियों की मदद से घायल व्यक्ति को ट्रेन में लाया गया। यात्री के शरीर पर गंभीर चोटें थीं।

रोमेश चौबे ने घायल यात्री को प्राथमिक उपचार दिया और उसे ब्रेक वैन में सुरक्षित पहुंचाया। घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल को दी गई। साथ ही भोपाल पहुंचने पर घायल यात्री के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान यात्री का मोबाइल फोन भी सुरक्षित रख लिया गया, ताकि उसे बाद में परिजनों को सौंपा जा सके। मेल ट्रेन मैनेजर की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से घायल यात्री को समय पर मदद मिल सकी।

Related Articles