State

बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन बना मध्य प्रदेश, ट्रेवल + लीजर इंडिया बेस्ट अवॉर्ड्स 2025 में मिला राष्ट्रीय सम्मान

भोपाल। अतुल्य भारत का हृदय प्रदेश मध्य प्रदेश एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाने में सफल रहा है। अद्वितीय जैव-विविधता, समृद्ध वन्यजीव संपदा और घने प्राकृतिक जंगलों के लिए मध्य प्रदेश को प्रतिष्ठित ट्रेवल  लीजर इंडियाज बेस्ट अवॉर्ड्स–2025 में बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन  के सम्मान से नवाजा जाएगा। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित आईटीसी मौ के नंदिया गार्डन्स में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यह ट्रेवल + लीजर इंडिया बेस्ट अवॉर्ड्स का 14वां संस्करण है, जिसमें मध्य प्रदेश को “Heart of India’s Wildlife Experiences” के रूप में मान्यता दी गई है।

वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों की जीत: राज्य मंत्री श्री लोधी

पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास और धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन का अवॉर्ड मिलना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि प्रकृति ने मध्य प्रदेश को खुले हाथों से संवारा है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार ने इस धरोहर को पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ सहेजा है। यह पुरस्कार पर्यटन विभाग, वन विभाग और सभी प्रकृति प्रेमियों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान वन्यजीव संरक्षण, इको-टूरिज्म और स्थानीय सहभागिता के सतत प्रयासों का प्रतिफल है।

संरक्षण आधारित पर्यटन नीति की सफलता: श्री शिव शेखर शुक्ला

अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति, गृह एवं धार्मिक न्यास और धर्मस्व श्री शिव शेखर शुक्ला ने इस उपलब्धि को दूरदर्शी पर्यटन नीतियों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा ki यह पुरस्कार मध्य प्रदेश की ‘कंजर्वेशन-लेड टूरिज्म’ (संरक्षण आधारित पर्यटन) नीति की सफलता को रेखांकित करता है। हमारा उद्देश्य केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना नहीं है, बल्कि उन्हें जंगल की जैव-विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य का एक जिम्मेदार, संवेदनशील और यादगार अनुभव देना है। उन्होंने आगे कहा कि यह सम्मान राज्य को सस्टेनेबल टूरिज्म की दिशा में और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

वन्यजीव पर्यटन का प्रमुख केंद्र बना मध्य प्रदेश

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में सर्वाधिक टाइगर रिज़र्व, समृद्ध तेंदुआ और गिद्ध संरक्षण क्षेत्र, राष्ट्रीय उद्यान और अभयारण्य तथा इको-टूरिज्म के विविध अनुभव राज्य को भारत के अग्रणी वन्यजीव पर्यटन स्थलों में शामिल करते हैं। यही कारण है कि मध्य प्रदेश लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मंचों पर सम्मानित हो रहा है।

Related Articles