State

मध्यप्रदेश ने गेहूं उपार्जन में हासिल किया दूसरा स्थान, 60% अधिक उपार्जन सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम – मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

भोपाल ।  मध्यप्रदेश ने इस वर्ष गेहूं उपार्जन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह जानकारी प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गुना जिले में आयोजित एक समीक्षा बैठक के दौरान दी।

मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि इस वर्ष गेहूं उपार्जन में 60 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो राज्य सरकार की किसानों के प्रति प्रतिबद्धता और सशक्त क्रियान्वयन नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का मूल उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य, पारदर्शी प्रक्रिया और सुलभ उपार्जन व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री का आभार और विभाग को बधाई
मंत्री ने इस उपलब्धि के लिए उपार्जन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर समर्थन मूल्य की घोषणा, संगठित परिवहन, और सुदृढ़ भंडारण व्यवस्था ने इस कार्य को संभव बनाया।

लापरवाही पर सख्त चेतावनी
राजपूत ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन समयबद्ध और प्रभावी ढंग से किया जाए।

गुना में ‘मोबाइल कोर्ट’ से हो रहा त्वरित न्याय

बैठक में गुना कलेक्टर किशोर कन्याल ने जानकारी दी कि जिले में ‘मोबाइल कोर्ट’ की व्यवस्था के माध्यम से जमीनी विवाद, अतिक्रमण और सीमांकन जैसे प्रकरणों का त्वरित समाधान हो रहा है। दोनों पक्षों की सहमति से मौके पर ही विवाद निपटाए जा रहे हैं, जिससे जनता को त्वरित और सुलभ न्याय मिल रहा है।

बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराए गए श्रमिक और जल संरक्षण की समीक्षा

कलेक्टर कन्याल ने बैठक में जानकारी दी कि जिले में बंधुआ मजदूरी से पीड़ित श्रमिकों को योजनाबद्ध प्रयासों से रिहा कर न्याय दिलाया गया है। साथ ही उन्होंने जल-गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत रूफ वाटर हार्वेस्टिंग और अन्य जल संरक्षण गतिविधियों की प्रगति से भी अवगत कराया।

उत्कृष्ट अधिकारियों और छात्रों को किया गया सम्मानित

बैठक के अंत में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जल संरक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित अधिकारियों में डिप्टी कलेक्टर मंजूषा खत्री, एसडीओ पीएचई टीएल मेहरा, और जनपद पंचायत आरोन के उपयंत्री चंदन शुक्ला शामिल हैं।

इसके अलावा राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान पाने वाले छात्र शैलेन्द्र धाकड़, पूर्णिमा अड़ावकर और राष्ट्रीय ओलंपियाड प्रतियोगिता में चयनित नमन लोधी को भी सम्मानित किया गया।

Related Articles