लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेंद्र कोतवाल ने संभाला एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक का पदभार

कहा—मरीज हमारी पहली प्राथमिकता, बेहतर और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाओं पर रहेगा जोर

भोपाल। लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेंद्र कोतवाल (रि.) ने एम्स भोपाल के नए कार्यपालक निदेशक का पदभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अस्पताल का भ्रमण कर विभिन्न विभागों और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, संवेदनशील और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा, “मरीज हमारी पहली प्राथमिकता हैं।” स्वास्थ्य सेवाओं में मरीजों की सुविधा, सुरक्षा और संतुष्टि को हमेशा केंद्र में रखा जाना चाहिए।

टीम भावना से काम करने पर जोर

कार्यपालक निदेशक ने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य कर्मचारियों से मुलाकात कर एकजुट टीम के रूप में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संस्थान की प्रगति के लिए शिक्षा, चिकित्सा सेवा, अनुसंधान और टीम भावना का मजबूत होना जरूरी है।

उन्होंने एम्स भोपाल के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों से भी संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों और संकाय सदस्यों के कार्यों की जानकारी ली।

समय की पाबंदी और सकारात्मक माहौल जरूरी

डॉ. कोतवाल ने सभी अधिकारियों, चिकित्सकों, संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों से अपने कार्यों में समय की पाबंदी बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाए तथा एक-दूसरे के सहयोग से काम करे।

उन्होंने कार्यस्थल पर सकारात्मक और प्रसन्न वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक माहौल से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और इसका सीधा असर मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर पड़ता है।

Exit mobile version