भोपाल। मध्य प्रदेश वन कर्मचारी मंच ने वन विभाग के फ्रंटलाइन कार्यपालिक कर्मचारियों को विशेष भत्ता देने की मांग दोहराई है। मंच ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र भेजकर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के संचालक द्वारा दिए गए प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।
मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि वन विभाग के प्रमुख सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के संचालक ने फ्रंटलाइन कार्यपालिक वन कर्मचारियों को विशेष भत्ता देने का प्रस्ताव रखा था।
विज्ञप्ति के अनुसार, प्रमुख सचिव ने कहा है कि यदि अन्य राज्यों में वन विभाग के फ्रंटलाइन कर्मचारियों को विशेष भत्ता दिया जा रहा है, तो मध्य प्रदेश में भी इस संबंध में प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। इसके लिए वन मुख्यालय से प्रस्ताव शीघ्र भेजने की बात कही गई है।
वन कर्मचारी मंच का कहना है कि उसने पहले भी मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर पुलिस विभाग की तर्ज पर वन विभाग के कार्यपालिक कर्मचारियों को 13 माह का वेतन और विशेष भत्ता दिए जाने की मांग की थी, लेकिन अब तक इस पर निर्णय नहीं लिया गया है।
मंच ने राज्य सरकार से मांग की है कि वन कर्मचारियों की जिम्मेदारियों और जोखिमपूर्ण कार्यों को देखते हुए उन्हें विशेष भत्ता देने का निर्णय जल्द लिया जाए।
