भोपाल में बड़ी लूट: शाहजहानाबाद क्षेत्र में व्यापारी से 45 हजार की लूट, धारदार हथियार से किया हमला!

भोपाल ।  राजधानी भोपाल में अपराधियों का हौसला इस कदर बुलंद हो चुका है कि अब मुख्य सड़कों पर भी आम नागरिक सुरक्षित नहीं रह गए हैं। शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है, जिसमें ईदगाह हिल्स निवासी राजेश अठवानी को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

कहां और कैसे हुआ हमला?

यह वारदात कैंब्रिज स्कूल, शाहजहानाबाद के सामने उस वक्त हुई जब राजेश अठवानी, घोड़ा नक्स स्थित अपनी दुकान बंद कर, स्टेट बैंक चौराहा से पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे। तभी बाइक सवार 4 से 5 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर ₹40,000 से ₹45,000 नकद व जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल व्यापारी

हमले में घायल हुए राजेश को तुरंत हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें 8 से 9 टांके आए हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है, लेकिन गहरी चोटें आई हैं।

पहले भी हुआ था हमला

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि राजेश अठवानी के परिजनों के मुताबिक, कुछ समय पहले उनके भाई पर भी इसी तरह का हमला हो चुका है, जिसकी शिकायत हनुमानगंज थाना में दर्ज की गई थी। इससे यह सवाल खड़ा होता है कि क्या यह कोई सुनियोजित गिरोह है, जो व्यापारियों को निशाना बना रहा है?

पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

शाहजहानाबाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन राजधानी में आए दिन बढ़ते अपराधों ने नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। आम जनता सवाल कर रही है:

क्या भोपाल की सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर हो चुकी है कि बदमाश अब खुलेआम लूटपाट कर सकते हैं? क्या नागरिक अब रात के समय शहर में सुरक्षित महसूस नहीं कर सकते? आखिर पुलिस कब तक इन लुटेरों को पकड़ने में कामयाब होगी?

Exit mobile version