मजदूर दिवस 2025: मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच ने दी प्रदेश के श्रमिकों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं, मई माह में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा

भोपाल, । मजदूर दिवस 2025 के अवसर पर मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच द्वारा प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों, दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों, अंशकालीन कर्मियों और सुरक्षा श्रमिकों को हार्दिक बधाई दी गई। संगठन ने इस अवसर पर श्रमिक अधिकारों की रक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों के लिए संघर्ष के संकल्प को दोहराया।

श्रमिकों के साथ एकजुटता का संकल्प
मंच के प्रांताध्यक्ष अशोक पांडे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि “मजदूर दिवस केवल एक दिन नहीं, बल्कि कर्मचारी और श्रमिकों के अधिकारों की आवाज को बुलंद करने का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि मजदूरों के कार्य घंटे कम कराने की ऐतिहासिक लड़ाई के प्रतीक इस दिवस को 139 वर्षों से मनाया जा रहा है। 1886 में शिकागो के मजदूरों ने 14 घंटे के कार्यदिवस को 8 घंटे में सीमित करने की ऐतिहासिक मांग के साथ जो आंदोलन किया, उसी की स्मृति में 1 मई को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस मनाया जाता है।

संगठन करेगा चरणबद्ध आंदोलन
मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच ने इस अवसर पर घोषणा की कि मई माह में प्रदेश भर में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों, स्थायी और अंशकालीन कर्मचारियों, तथा अन्य श्रमिकों की लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। संगठन की मांगें कर्मचारियों के वेतनमान सुधार, नियमितीकरण, भविष्य निधि, सुरक्षा और सुविधाओं में बढ़ोत्तरी जैसी मुद्दों से जुड़ी होंगी।

मजदूरों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देने वाले प्रमुख पदाधिकारी
मजदूर दिवस के अवसर पर प्रदेश के कर्मचारियों को शुभकामनाएं देने वालों में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी सुनील पाठक, शिव प्रसाद सांगुले, कमलेश गोरे, चांद सिंह, राजू सिंह, घनश्याम कटारे, भूपेंद्र पांडे, सतेंद्र पांडे, हरि सिंह गुर्जर, लव प्रकाश पाराशर, जगदीश शर्मा, अमर अहिरे, श्यामलाल विश्वकर्मा और कृष्ण कुमार कहार सहित दर्जनों कर्मचारी साथी शामिल रहे।

कर्मचारी मंच की अपील:
संगठन ने प्रदेश के सभी सरकारी और निजी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों से आह्वान किया है कि वे अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और सम्मानजनक कार्यस्थलों के निर्माण हेतु संगठित हों और मंच के आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Exit mobile version