KYC के नाम पर गैस पाइप खरीदने का दबाव, आरके गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं से वसूली का आरोप

भोपाल, 28 अगस्त। गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री पर प्रशासन की सख्ती के बीच अब गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं से कथित तौर पर अतिरिक्त वसूली के आरोप सामने आ रहे हैं। जवाहर चौक क्षेत्र स्थित आरके गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि KYC कराने के नाम पर उन्हें गैस पाइप खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
KYC के लिए पाइप लेना बताया अनिवार्य
उपभोक्ताओं के अनुसार गैस सिलेंडर की बुकिंग में परेशानी से बचने के लिए KYC कराना जरूरी बताया जा रहा है। जब उपभोक्ता एजेंसी में KYC कराने पहुंचते हैं तो उनसे पहले गैस पाइप खरीदने को कहा जाता है। आरोप है कि पाइप नहीं लेने पर KYC नहीं की जाती। कई उपभोक्ताओं को उनकी इच्छा के विरुद्ध पाइप थमा दिए जाने की भी शिकायत है।
190 रुपये के पाइप के लिए 200 रुपये
शिकायत के मुताबिक गैस पाइप की कीमत 190 रुपये बताई जाती है, लेकिन उपभोक्ताओं से 200 रुपये लिए जा रहे हैं। आरोप यह भी है कि भुगतान के बाद उपभोक्ताओं को पाइप की रसीद या बिल नहीं दिया जाता। इससे वसूली की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
KYC के बहाने लाखों की वसूली का आरोप
एक गैस एजेंसी के पास औसतन 9 से 15 हजार तक उपभोक्ता होने की बात सामने आई है। आरके गैस एजेंसी से जुड़े करीब 12 हजार उपभोक्ताओं के आधार पर यदि प्रत्येक से 200 रुपये की वसूली की गई हो तो रकम करीब 24 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। हालांकि वास्तविक वसूली कितने उपभोक्ताओं से हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
अधिकारी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
जिला आपूर्ति अधिकारी सीएस जादौन ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





