State

संत रविदास के सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को हर पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा ध्येय : कृष्णा गौर

राज्यमंत्री ने बरखेड़ा भेल से संत रविदास कलश वंदन यात्रा का किया शुभारंभ

भोपाल, 18 अगस्त 2026। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने मंगलवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर बरखेड़ा भेल स्थित संत रविदास मंदिर से कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि संत रविदास ने समाज में भेदभाव और असमानता समाप्त कर सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। आज जरूरत है कि उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए और उनके बताए मार्ग को जीवन में अपनाया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘सबका साथ, सबका विकास’ का मूलमंत्र संत रविदास के विचारों की भावना से जुड़ा है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में लाना ही संत रविदास के संकल्पों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सागर में 102 करोड़ से बनेगा संत रविदास मंदिर

कृष्णा गौर ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संत रविदास के विचारों और संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं। सागर में 102 करोड़ रुपये की लागत से संत रविदास मंदिर और स्मारक का निर्माण कराया जा रहा है। प्रदेश के धार्मिक स्थलों और देवालयों के पुनरुद्धार एवं जीर्णोद्धार का काम भी जारी है।

15 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन

कार्यक्रम के दौरान संत रविदास मंदिर परिसर में 15 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और नागरिकों ने संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में भाईचारे और समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Related Articles